
दुर्ग/आराध्या टाइम डेस्क छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन अवसर पर नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान से केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर प्रदेश की पात्र महिला हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 1-1 हजार रुपये की राशि अंतरित की गई।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना से प्रदेश की लाखों महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को स्वयं पूरा कर पा रही हैं। महिलाओं के चेहरे पर खुशी और उनके जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव ही इस योजना की सार्थकता है

मंत्री श्री यादव ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनधन खाते, उज्ज्वला योजना के माध्यम से गैस कनेक्शन, राशन कार्ड में महिलाओं को प्राथमिकता और महतारी वंदन योजना जैसी पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है।
मंत्री श्री यादव ने कहा कि महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी होना प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण निरंतरता है। राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि योजना के पात्र हितग्राहियों को नियमित रूप से इसका लाभ मिलता रहे। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किये ।



