
दुर्ग /भिलाई /आराध्य टाइम डेस्क सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026’ का शुभारंभ 26 अक्टूबर को मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग में किया गया। केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) द्वारा 26 अक्टूबर से 1 नवम्बर 2026 तक ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (खदान) श्री कमल भास्कर, कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार तथा मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ श्री सुनील सिंगल सहित मुख्य महाप्रबंधकगण, महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे

कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ श्री सुनील सिंगल ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (31 अक्टूबर) के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले सतर्कता जागरूकता सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका उद्देश्य भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सत्यनिष्ठा को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि संगठन में सत्यनिष्ठा एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित कार्यसंस्कृति विकसित करने के लिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की भागीदारी आवश्यक है।
मुख्य अतिथि श्री ए. के. चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित राष्ट्र के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक विकास के साथ-साथ भ्रष्टाचार के विरुद्ध सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने क्रय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निविदा प्रक्रिया में निष्पक्षता तथा निर्धारित नियमों के अनुपालन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि डिजिटल माध्यमों एवं सरकारी ई-मार्केटप्लेस (जेम) के उपयोग से क्रय प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जा रहा है। इससे सभी पात्र प्रतिभागियों को समान अवसर प्रदान करने तथा अनियमितताओं की संभावनाओं को कम करने में सहायता मिलती है।
उन्होंने भ्रष्टाचार को देश की प्रगति में बाधक बताते हुए कहा कि इसके उन्मूलन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को को ईमानदारी, नैतिक मूल्यों तथा जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने सभी से भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहने तथा अपने कार्यक्षेत्र में पारदर्शी एवं निष्पक्ष कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने का आह्वान किया। सतर्कता केवल सतर्कता विभाग का दायित्व नहीं, बल्कि संगठन के प्रत्येक सदस्य की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस क्रम में उन्होंने संयंत्र के सतर्कता विभाग द्वारा प्रिवेंटिव विजिलेंस की संस्कृति को सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर छात्रा कुमारी रोहिणी कुंभकार (कक्षा 10वीं, एसएसएस-10) एवं छात्रा कुमारी संजना साव (कक्षा 12वीं, भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2) ने इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने सत्यनिष्ठा की शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन उप महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री अंशुमन सिंह ने किया तथा अंत में महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री संदीप गुप्ता ने आभार व्यक्त किया



